Class 6 विज्ञान अध्याय 8: जल की विविध अवस्थाओं की यात्रा -15 अतिरिक्त प्रश्न उत्तर New Syllabus Updated NCERT Solutions 

Class 6 Science Chapter 8 Extra Questions Answers in Hindi  

प्रश्न 1: बर्फ और जल अलग-अलग पदार्थ हैं या एक ही पदार्थ? कैसे जाँच कर सकते हैं?

उत्तर: ये दोनों एक ही पदार्थ हैं। हम जल को प्रशीतित्र (रेफ्रिजरेटर) के हिमीकरण यंत्र (फ्रीजर) में रखकर जाँच सकते हैं कि वह बर्फ में परिवर्तित होता है या नहीं। कप में बर्फ का टुकड़ा रखने पर वह धीरे-धीरे जल में परिवर्तित हो जाती है, जो सिद्ध करता है कि बर्फ और जल एक ही पदार्थ की दो अवस्थाएँ हैं।

प्रश्न 2: जल की तीन अवस्थाएँ कौन-सी हैं?

उत्तर: जल की तीन अवस्थाएँ हैं — ठोस (बर्फ), द्रव (जल) और गैस (जलवाष्प)।

प्रश्न 3: जल के वाष्प में परिवर्तित होने की प्रक्रिया को क्या कहते हैं?

उत्तर: जल के वाष्प अवस्था में परिवर्तित होने की प्रक्रिया को वाष्पीकरण या वाष्पन कहते हैं।

प्रश्न 4: संघनन किसे कहते हैं?

उत्तर: जलवाष्प के द्रव अवस्था में परिवर्तित होने की प्रक्रिया को संघनन कहते हैं।

प्रश्न 5: ठोस, द्रव और गैसीय अवस्था में जल के गुणों में क्या अंतर है?

उत्तर: बर्फ (ठोस) अपना आकार बनाकर रखती है, न बहती है और न फैलती है। जल (द्रव) बहता है, आकार बदलता है और जिस पात्र में रखा जाता है उसी का आकार ले लेता है, पर उसका आयतन स्थिर रहता है। जलवाष्प (गैस) समस्त उपलब्ध स्थान में फैल जाती है और उसका कोई निश्चित आकार नहीं होता।

प्रश्न 6: वाष्पीकरण की तीव्रता को प्रभावित करने वाली परिस्थितियाँ कौन-सी हैं?

उत्तर: वाष्पीकरण की तीव्रता को प्रभावित करने वाली परिस्थितियाँ हैं — जल के संपर्क का क्षेत्रफल (खुला क्षेत्र), ताप (धूप), वायु की गति और वायु में नमी (आर्द्रता)। बड़े क्षेत्रफल, अधिक धूप, तेज हवा और कम आर्द्रता पर वाष्पीकरण तीव्र होता है।

प्रश्न 7: बरसात के दिनों में कपड़े देर से क्यों सूखते हैं?

उत्तर: बरसात के दिनों में वायु में जलवाष्प की मात्रा अधिक होती है, अर्थात् आर्द्रता अधिक होती है। अधिक आर्द्रता में जल मंद गति से वाष्पित होता है, इसलिए कपड़े देर से सूखते हैं।

प्रश्न 8: शीतलन प्रभाव क्या है? इसके उदाहरण दीजिए।

उत्तर: जब जल किसी सतह से वाष्पित होता है तो शीतलन प्रभाव उत्पन्न होता है। इसके उदाहरण — मिट्टी के मटके का जल ठंडा रहना, ग्रीष्मकाल में फर्श और छत पर जल का छिड़काव, हाथों पर सैनिटाइजर लगाने पर ठंडक महसूस होना, और पंखे के नीचे बैठने पर ठंडक अनुभव होना (क्योंकि पंखे की हवा पसीने को वाष्पित करती है)।

प्रश्न 9: ठंडे जल व बर्फ से भरे काँच के गिलास की बाहरी सतह पर जल की बूँदें क्यों बनती हैं?

उत्तर: वायुमंडल में उपस्थित जलवाष्प ठंडी गिलास की बाहरी सतह के संपर्क में आने पर संघनित होकर छोटी-छोटी जल बूँदें बनाती हैं। प्रारंभ में छोटी बूँदें जमा होती हैं और फिर मिलकर बड़ी बूँदें बन जाती हैं।

प्रश्न 10: ओस की बूँदें सुबह के समय अधिक क्यों दिखाई देती हैं?

उत्तर: रात के समय ताप कम हो जाता है, जिससे वायु में उपस्थित जलवाष्प पौधों जैसी ठंडी सतहों पर संघनित होकर ओस की बूँदें बनाती है। सुबह इन बूँदों को देखा जा सकता है।

प्रश्न 11: बादल कैसे बनते हैं और वर्षा कैसे होती है?

उत्तर: जलवाष्प वायु से हल्की होने के कारण ऊपर उठती है। जैसे-जैसे वायु ऊपर जाती है, ठंडी होती जाती है। एक निश्चित ऊँचाई पर वाष्प छोटी-छोटी जलकणिकाओं में परिवर्तित हो जाती है, जो आमतौर पर धूल के कणों के आस-पास बनती हैं और बादल के रूप में दिखाई देती हैं। बहुत-सी जलकणिकाएँ मिलकर बड़ी बूँदें बनाती हैं; जब ये भारी हो जाती हैं तो गिर पड़ती हैं — इसे वर्षा कहते हैं। विशेष परिस्थितियों में ये ओले या हिम के रूप में भी गिरती हैं।

प्रश्न 12: पिघलना और हिमीकरण में क्या अंतर है?

उत्तर: ठोस के द्रव अवस्था में परिवर्तित होने की प्रक्रिया पिघलना कहलाती है (जैसे बर्फ का पिघलकर जल बनना), जबकि द्रव के ठोस अवस्था में परिवर्तित होने की प्रक्रिया हिमीकरण कहलाती है (जैसे फ्रीजर में जल का बर्फ बनना)।

प्रश्न 13: जल चक्र क्या है?

उत्तर: महासागरों और पृथ्वी की सतह से जल जलवाष्प के रूप में वाष्पित होकर वायु में जाता है, वर्षा, ओलों तथा हिम के रूप में पुनः लौटता है और अंततः बहकर महासागरों में पहुँच जाता है। जल के इस प्रकार के चक्रण को जल चक्र कहते हैं।

प्रश्न 14: आर्द्रता (नमी) किसे कहते हैं?

उत्तर: वायु में जलवाष्प की मात्रा को आर्द्रता कहा जाता है। यह आँकड़े समाचार-पत्रों और अन्य स्रोतों में दैनिक बताए जाते हैं। बरसात के दिनों में वायु में जलवाष्प अधिक होने से दिन अधिक आर्द्र होते हैं।

प्रश्न 15: मिट्टी के मटके (सुराही) में जल ठंडा क्यों रहता है?

उत्तर: मिट्टी के मटके की सतह से जल रिसकर बाहर आता है और वाष्पित हो जाता है। वाष्पीकरण के समय शीतलन प्रभाव उत्पन्न होता है, जिससे मटके के अंदर का जल ठंडा रहता है। स्टेनलेस स्टील के बर्तनों में जल रिसता नहीं, इसलिए वहाँ यह ठंडक नहीं मिलती।

प्रश्न 16: गमलों से बना (पॉट-इन-पॉट) कूलर कैसे कार्य करता है?

उत्तर: दो भिन्न आकार के मिट्टी के गमलों के बीच गीली रेत रखी जाती है। रेत से जल गमलों की सतह से बाहर रिसकर वाष्पित होता है, जिससे शीतलन प्रभाव उत्पन्न होता है। इससे छोटे गमले में रखी सब्जियाँ व फल कुछ दिनों तक ताज़ा रहते हैं। (सुराही भी इसी सिद्धांत से जल ठंडा रखती है।)

प्रश्न 17: बादल बनने में धूल के कणों की क्या भूमिका होती है?

उत्तर: जब वायु ऊपर उठकर ठंडी होती है, तो उसमें उपस्थित जलवाष्प छोटी-छोटी जलकणिकाओं में संघनित होती है, जो आमतौर पर धूल के कणों के आस-पास बनती हैं। ये कणिकाएँ वायु में तैरती रहती हैं और बादल के रूप में दिखाई देती हैं।

Leave a Comment